फेसबुक फ्रेंड ने लगाया ₹24 लाख का चूना, मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद का डर दिखाकर की ठगी:
आगरा। कमिश्नरेट आगरा के साइबर क्राइम पुलिस थाने में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। फतेहाबाद के जमुना गली के रहने वाले श्यामसुन्दर नामक व्यक्ति से साइबर ठगों ने डरा-धमकाकर कुल 24,03,000 (24 लाख तीन हजार) रुपये की मोटी रकम हड़प ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक फ्रेंडशिप से शुरू हुआ जाल
पीड़ित श्यामसुन्दर के मुताबिक, कुछ समय पहले फेसबुक पर उनकी एक महिला से दोस्ती हुई थी। उस महिला ने बताया कि वह घूमने के लिए भारत आ रही है। इसके बाद पीड़ित के पास कथित तौर पर कॉल आया कि उनके दस्तावेज पूरे नहीं हैं
जेल भेजने और आतंकवादी बताने की दी धमकी
ठगों ने पीड़ित को फोन कर डराया कि भारत आ रही महिला के दस्तावेज अधूरे हैं। उन्होंने श्यामसुन्दर को धमकाया कि अगर पैसे नहीं दिए, तो उन पर ‘मनी लॉन्ड्रिंग’ और ‘आतंकवाद’ का केस लगाकर जेल भेज दिया जाएगा।
पीड़ित ने बताया कि साल 2022 से उनका दिमागी इलाज चल रहा है, जिसके कारण वह कानूनी कार्रवाई और जेल जाने की धमकी से बेहद डर गए।
बैंक से लोन लेकर चुकाई रकम
ठगों के चंगुल में फंसे पीड़ित ने जेल जाने के डर से अपने बैंक से लोन लिया। इसके बाद ठगों के झांसे में आकर कई भागों में कुल 24 लाख तीन हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर क्राइम में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और अब आगरा के साइबर क्राइम थाने में लिखित तहरीर दी है।
नॉर्मल और व्हाट्सएप कॉल से बुना जाल
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, ठगी के लिए शातिरों द्वारा नॉर्मल कॉलिंग और व्हाट्सएप कॉलिंग का सहारा लिया गया था। पुलिस इन कॉल्स और बैंक खातों के ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर अज्ञात ठगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
