अपराध

पुरानी मंडी फायरिंग कांड का खुलासा: सपा के पूर्व पार्षद सुनील राठौर ने रची थी साजिस: मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260625-WA0013

जमीनी विवाद में गौरव राठौर को गोली मारने की वारदात; सपा के पूर्व पार्षद पर पैसे देकर फायरिंग कराने का आरोप, पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी दबोचे गए

आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र की पुरानी मंडी में 21 जून की रात दुकानदार गौरव राठौर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने सपा के पूर्व पार्षद सुनील राठौर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि जमीन विवाद के चलते सुनील राठौर ने हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी को पैसे देकर वारदात को अंजाम दिलवाया था। बुधवार देर रात झलकारी बाई चौराहे के पास हुई मुठभेड़ में जिमी चौधरी के पैर में गोली लग गई, जबकि दिनेश शर्मा और सुनील राठौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ताजगंज पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। झलकारी बाई चौक से श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर पुलिस गश्त के दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में जिमी चौधरी घायल हो गया। वहीं दिनेश शर्मा और सुनील राठौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सपा के पूर्व पार्षद सुनील राठौर ने इस पूरी वारदात की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार गौरव राठौर की बहन के साथ जमीन को लेकर उसका विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सुनील राठौर ने हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी को पैसे देकर घटना को अंजाम दिलवाया। मामले में आगे की विवेचना जारी है और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपियों के अनुसार घटना से करीब चार दिन पहले ही हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी जेल से बाहर आया था। इसके बाद रणजीत और जिमी चौधरी ने सपा के पूर्व पार्षद सुनील राठौर से मुलाकात की। तीनों ने मिलकर गौरव राठौर पर हमले की योजना बनाई। पूछताछ में सामने आया कि गौरव राठौर को गोली मारकर घायल करने के लिए डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। आरोप है कि सुनील राठौर ने 30 हजार रुपये एडवांस दिए थे, जबकि शेष 1.20 लाख रुपये वारदात को अंजाम देने के बाद देने की बात तय हुई थी।

कौन है जिमी चौधरी?

फ़ाइल फोटो

मुठभेड़ में घायल हुआ जिमी चौधरी आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी का निवासी है और शहर के चर्चित हिस्ट्रीशीटर अपराधियों में गिना जाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट, चोरी, जालसाजी, धोखाधड़ी और मादक पदार्थों की तस्करी सहित करीब 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

बताया जाता है कि जिमी चौधरी एक रिटायर्ड आर्मी कैप्टन का बेटा है। उसका पहला आपराधिक मुकदमा करीब 24 वर्ष की उम्र में हत्या के प्रयास के मामले में दर्ज हुआ था। इसके बाद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा और सिकंदरा, जगदीशपुरा तथा रकाबगंज थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए।

वर्ष 2019 में जिमी चौधरी उस समय सुर्खियों में आया था जब जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने साथियों के साथ हवाई फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसी दौरान एक स्ट्रीट वेंडर के साथ मारपीट और उसके सिर पर बोतल फोड़ने का वीडियो भी सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पुलिस के अनुसार जिमी चौधरी लंबे समय से अपराध जगत में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ दर्ज मामलों के चलते वह पुलिस की निगरानी सूची में शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed