अपराध

आगरा: गोल्ड लोन के नाम पर 50.60 लाख रुपये की कथित ठगी,: ICICI बैंक के मैनेजर समेत 8 नामजद पर मुकदमा दर्ज

0
file_0000000097bc820887c165845401ad31

बैंक अधिकारियों और निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर आपराधिक षड्यंत्र का आरोप, ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर रकम ट्रांसफर करने की शिकायत

आगरा। ताजनगरी में गोल्ड लोन के नाम पर 50.60 लाख रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना ताजगंज पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर बेलनगंज स्थित ICICI बैंक शाखा के मैनेजर, डिप्टी मैनेजर, एक निजी फाइनेंस कंपनी के मैनेजर समेत 8 नामजद और 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में बैंक अधिकारियों पर भरोसे का दुरुपयोग कर ब्लैंक चेक के जरिए बड़ी रकम हड़पने और आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित कौशल कुमार, निवासी बेलनगंज, ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्ष 2016 से उनके भवन का एक हिस्सा ICICI बैंक की बेलनगंज शाखा को किराये पर दिया गया है। इसी दौरान बैंक अधिकारियों से उनके पारिवारिक और व्यावसायिक संबंध बन गए थे। शिकायत के अनुसार, फरवरी 2026 में शाखा प्रबंधक विवेक सिंह ने वर्ष 2025-26 का गोल्ड लोन लक्ष्य पूरा कराने के लिए सहयोग मांगा। आरोप है कि उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुछ समय बाद लोन बंद कराकर गिरवी रखा गया सोना सुरक्षित वापस दिला दिया जाएगा और इसमें आने वाला पूरा खर्च भी स्वयं वहन करेंगे।

445.40 ग्राम सोना गिरवी रखकर लिया गया 45.13 लाख का गोल्ड लोन

शिकायत के अनुसार, बैंक अधिकारियों के आश्वासन पर विश्वास करते हुए पीड़ित ने अपने बेटे विभोर के नाम पर 445.40 ग्राम सोना गिरवी रखकर 45.13 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी लोन खाता बंद नहीं किया गया। जब पीड़ित ने लगातार जानकारी मांगी तो तकनीकी कारणों और बैंक प्रक्रिया का हवाला देकर उन्हें टालते रहने का आरोप लगाया गया है।

खाते में एंट्री दिखाने का झांसा, ब्लैंक चेक पर कराए हस्ताक्षर

एफआईआर के अनुसार, बाद में बैंक अधिकारियों ने पीड़ित से कहा कि लोन बंद करने से पहले खाते में कुछ वित्तीय लेनदेन दिखाना आवश्यक है। इसी बहाने 6 जून 2026 को कथित रूप से पीड़ित से ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करा लिए गए। आरोप है कि बाद में उन्हीं चेकों में सौरभ साहनी का नाम भरकर दो चेकों के माध्यम से कुल 50.60 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

दूसरे गोल्ड लोन का भुगतान करने में इस्तेमाल की गई रकम

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सौरभ साहनी, उसकी पत्नी प्रतिमा साहनी और मां रमा साहनी ने फतेहाबाद रोड स्थित कैपरी ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड से गोल्ड लोन लिया हुआ था। पीड़ित का दावा है कि उसके खाते से कथित रूप से निकाली गई 50.60 लाख रुपये की राशि का उपयोग उसी गोल्ड लोन का भुगतान करने के लिए किया गया। इसके बाद आरोपी अपना गिरवी रखा सोना छुड़ाने पहुंचे, लेकिन सूचना मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद सोने की रिलीज प्रक्रिया रुकवा दी गई।

इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने मामले में ICICI बैंक शाखा प्रबंधक विवेक सिंह, डिप्टी मैनेजर हरविन्द सिंह, श्री भगवान सिंह, बृजेश शर्मा, कैपरी ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड के मैनेजर प्रसून गुप्ता, सौरभ साहनी, प्रतिमा साहनी और रमा साहनी समेत 8 नामजद तथा 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर  का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंकिंग रिकॉर्ड, चेक, खातों के लेनदेन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की जांच गई है। आगे जारी जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed