पड़ोसी युवक से प्रेम की चर्चा के बीच पिता ने अपनी ही 17 साल की बेटी को मौत के घाट उतार दिया। आगरा में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। आरोप है कि पिता चंद्रवीर ने बेटी लक्ष्मी के सिर और गले पर लोहे के औजार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खौफनाक बात ये है कि हत्या के बाद आरोपी पिता भागा नहीं, बल्कि खुद पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
मामला थाना एकता क्षेत्र के एक गांव का है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी का पड़ोस में रहने वाले एक लड़के से प्रेम प्रसंग था। इसी प्रेम संबंध को लेकर पिता नाराज था। हालांकि हत्या की असली वजह और पूरी घटना की कड़ियां पुलिस की पूछताछ और जांच के बाद साफ होंगी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दो दिन पहले लक्ष्मी घर से गायब हुई थी। अब उसकी हत्या के बाद यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि वह दो दिन तक कहां थी और घर लौटने के बाद ऐसा क्या हुआ कि मामला खूनी वारदात तक पहुंच गया।
घटना की सूचना पर ACP यतेंद्र नागर और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इश्क की कहानी का ऐसा खूनी अंत पूरे गांव को झकझोर गया है। पुलिस अब पिता के बयान, प्रेम प्रसंग, दो दिन तक लड़की के गायब रहने और हत्या की परिस्थितियों को जोड़कर पूरी कहानी सामने लाने में जुटी है।
