अपराध

दहेजलोभियों की बर्बरता: न्यू आगरा में नवविवाहिता को पीटकर कराया गर्भपात: बाथरूम में कैमरे लगा भाई-बहन करते थे ब्लैकमेल

0
j99udf

 

आगरा। ताजनगरी के न्यू आगरा क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने और रूह कँपा देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी सोसाइटी की रहने वाली नवविवाहिता को शादी के बाद से ही ₹1 करोड़ का भारी-भरकम दहेज मिलने के बावजूद और रुपयों के लिए इस कदर प्रताड़ित किया गया कि ससुरालियों की मारपीट के कारण उसका गर्भपात हो गया। हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब ससुरालियों ने विवाहिता के कमरे और बाथरूम में गुप्त कैमरे लगा दिए और उसकी रिकॉर्डिंग कर उसे ब्लैकमेल करने लगे। पुलिस ने पीड़िता की माँ की तहरीर पर पति, सास, ससुर और ननद सहित पाँच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

₹1 करोड़ के दान-दहेज से भी नहीं भरा पेट

न्यू आगरा के एक अपार्टमेंट निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का विवाह पिछले साल 26 नवंबर को शमशाबाद रोड निवासी नंदित बंसल के साथ पूरे हिंदू रीति-रिवाज से किया था। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक करीब ₹1 करोड़ नगद, सोने-चांदी के भारी आभूषण और हीरे के गहने दिए थे।

आरोप है कि विदाई के बाद से ही सास मीनू बंसल और ससुर गोविन्द बंसल ने रंग दिखाना शुरू कर दिया और मायके से ₹21 लाख नगद व एक गाड़ी और लाने का दबाव बनाने लगे। जब विवाहिता ने इसका विरोध किया, तो सास और ननद गौरी बंसल ने उसे बेरहमी से पीटा और उसके सारे गहने व नगदी छीनकर उसे बंधक बना लिया। हद तो यह रही कि हनीमून पर जाने के लिए भी मायके पक्ष से ₹10 लाख ऐंठे गए, लेकिन वहाँ भी नशेड़ी पति ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की।

ड्रग्स, नपुंसकता और बाथरूम में सीक्रेट कैमरे का गंदा खेल

शिकायत के मुताबिक, पीड़िता ने घर में अपने पति और हैदराबाद से आई ननद को ड्रग्स लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके अलावा महिला के हाथ पति की कुछ गंभीर बीमारियों की दवाइयाँ भी लगी थीं। इस खौफनाक राज से पर्दा उठते ही भाई-बहन बौखला गए। उन्होंने विवाहिता के खिलाफ षड्यंत्र रचा और उसके बेडरूम व बाथरूम में चोरी-छिपे कैमरे फिट कर दिए। बाथरूम की रिकॉर्डिंग के जरिये पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए उसे भयानक मानसिक और साइलेंट टॉर्चर दिया जाने लगा, जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी।

लात-घूंसों से गिराया गर्भ, बिचौलिये ने माँगे ₹1 करोड़ और

पीड़िता की माँ ने बताया कि उनकी बेटी ढाई महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि फरवरी महीने में सास-ससुर और पति ने मिलकर उसे इस कदर बेरहमी से पीटा कि उसकी तबीयत बेहद खराब हो गई। गंभीर हालत में माता-पिता उसे ससुराल से बचाकर लाए और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उसका गर्भपात हो गया।

इस जुल्म के बाद जब पीड़िता के परिवार ने शादी कराने वाले बिचौलिये (चाचा ससुर) जतिन बंसल से बात की, तो उसने मामला सुलझाने और बेटी को दोबारा घर में रखने के एवज में ₹1 करोड़ की और मांग कर दी। बाद में जाँच करने पर पता चला कि ससुरालियों ने शादी से पहले जो आलीशान मकान और हैदराबाद में खुद का फ्लैट होने का दावा किया था, वह सब फरेब का पुलिंदा था और लड़के के नौकरी के कागजात भी फर्जी थे।

पुलिस की कार्रवाई

न्यू आगरा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की माँ की तहरीर पर तत्काल प्रभाव से मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के साथ क्रूरता, मारपीट, बिना सहमति के गर्भपात कराने, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस की एक टीम मामले से जुड़े सभी डिजिटल और मेडिकल साक्ष्यों को कब्जे में ले रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जाँच की जा रही है और जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed