आगरा, DNA संवाददाता । बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक विरोध यात्रा निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बॉलीवुड फिल्म पीपली लाइव के चर्चित गीत “महंगाई डायन खाए जात है” पर थिरकते नजर आए। कई कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर और गाड़ी खींचकर बढ़ती महंगाई का विरोध जताया। वहीं कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह रिक्शे पर सवार होकर प्रदर्शन में शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बेरोजगारी, पेपर लीक और बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता महंगाई से परेशान है, जबकि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल साबित हो रही है। अमित सिंह ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री देशहित में इस्तीफा देते हैं तो देश में अमन-चैन और आर्थिक स्थिरता लौट सकती है।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए महंगाई पर नियंत्रण और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की। पुलिस प्रशासन पूरे प्रदर्शन के दौरान सतर्क रहा।
