आगरा

संगमरमरी हुस्न और सूर्यास्त के साये में 'ताज' निहारेंगी टीफनी ट्रंप,: शनिवार सुबह 9:45 बजे ताजनगरी में दस्तक

0
2026-present-tiffany-trump-explores-her-style-without-limits-1773928709

मानवेन्द्र मल्होत्रा 

आगरा।विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल की खूबसूरती को निहारने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की छोटी बेटी टीफनी ट्रंप अपनी निजी भारत यात्रा पर शनिवार को ताजनगरी पहुंच रही हैं। प्रशासनिक सूत्रों से मिले ताजा अपडेट के अनुसार, टीफनी ट्रंप का चार्टर्ड विमान शनिवार सुबह 9:45 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर उतरेगा। हवाई अड्डे से वे सीधे कड़ी सुरक्षा के बीच होटल के लिए रवाना होंगी, जहां कुछ देर विश्राम करने के बाद उनका अगला कार्यक्रम शुरू होगा।

 

  • शनिवार सुबह 9:45 बजे : चार्टर्ड विमान से आगरा आगमन, वहां से सीधे होटल रवाना।

  • शनिवार शाम 5:00 बजे : ताजमहल का भ्रमण।

  • शनिवार रात : आगरा में रात्रि विश्राम।

  • रविवार दोपहर : आगरा से निजी चार्टर्ड विमान द्वारा जैसलमेर के लिए प्रस्थान।

इस उच्च स्तरीय यात्रा को लेकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

शाम के समय करेंगी ताज का दीदार

कार्यक्रम के अनुसार, टीफनी ट्रंप शनिवार शाम 5:00 बजे ताजमहल का दीदार करने पहुंचेंगी। वह स्मारक परिसर में करीब डेढ़ घंटा बिताएंगी, जहां वह संगमरमरी खूबसूरती के साथ सूर्यास्त के मनमोहक दृश्य का आनंद लेंगी। ताजमहल भ्रमण के बाद वे शनिवार रात आगरा में ही ठहरेंगी।

अमेरिकी राजदूत भी रहेंगे साथ

टीफनी ट्रंप की इस यात्रा के दौरान भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचने के बाद यह प्रतिनिधिमंडल सीधे आगरा आएगा। इसके बाद अगले दिन यानी रविवार दोपहर को वह आगरा के खेरिया हवाई अड्डे से निजी चार्टर्ड विमान द्वारा जैसलमेर के लिए रवाना हो जाएंगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एजेंसियां अलर्ट

हालांकि यह टीफनी ट्रंप की पूरी तरह निजी यात्रा है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति की बेटी होने के कारण सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। खेरिया हवाई अड्डे से लेकर उनके ठहरने के होटल, ताजमहल परिसर और पूरे मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

छह साल पहले आया था पूरा ट्रंप परिवार

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में अपनी आधिकारिक भारत यात्रा के दौरान डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बड़ी बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर के साथ ताजमहल देखने आए थे। अब छह साल बाद ट्रंप परिवार की दूसरी बेटी टीफनी ट्रंप भी ताजनगरी की मेहमान बनने जा रही हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed