अपराध

फोन आया- तुम्हारा नाम पुलिस केस में है... बचना है तो पैसे दो,: युवक से 91,500 की ठगी

0
1776760816906

आगरा। फोन की दूसरी तरफ खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले शख्स ने ऐसी बात कही कि परिवार के होश उड़ गए। कहा- तुम्हारा नाम पुलिस केस में आ गया है। बचना है तो पैसे दो, वरना कार्रवाई होगी। डर के बीच युवक ने भरोसा कर लिया और एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार में ठग के बताए खातों में 91,500 रुपये भेज दिए। रकम पहुंचते ही फोन करने वाला गायब हो गया।

शाहगंज क्षेत्र निवासी एकता अग्रवाल ने साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि 29 अक्टूबर 2025 को उनके बेटे शिखर अग्रवाल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। उसने खुद को लखनऊ का पुलिस अधिकारी बताया। युवक को बताया गया कि उसका नाम एक पुलिस मामले में सामने आया है और रुपये देने पर उसका नाम उस मामले से हटाया जा सकता है।

डर का असर ऐसा हुआ कि युवक ने एक के बाद एक भुगतान शुरू कर दिया। कभी 1000 रुपये, कभी 30,500 रुपये तो कभी 25,500 रुपये। अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 91,500 रुपये भेज दिए गए।

लेकिन जैसे ही रकम पूरी पहुंची, कहानी बदल गई। सामने वाले ने बातचीत बंद कर दी और संपर्क भी नहीं हो सका। तब परिवार को समझ आया कि जिस पुलिस केस का डर दिखाया जा रहा था, वह दरअसल ठगी का जाल था।

परिवार ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ बैंक और भुगतान सेवा प्रदाता को भी सूचना दी थी। इसके बाद गुरूवार को साइबर क्राइम थाना आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी फिलहाल अज्ञात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed