गुजरात जाने की बात कहकर निकला बेटा लापता,: मां बोली- कहीं बेच तो नहीं दिया
आगरा। बेटे को गुजरात में काम दिलाने की बात कहकर गांव का ही युवक अपने साथ ले गया। कुछ दिन बाद वह युवक तो घर लौट आया, लेकिन 22 वर्षीय कुनाल का आज तक कोई पता नहीं चला। करीब दो महीने से बेटे की तलाश में भटक रही मां आशा देवी ने अब उसके साथ अनहोनी की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बेटे को कहीं बेच दिया गया या उसकी हत्या कर दी गई।
एकता थाना क्षेत्र के नई आबादी सैमरी का ताल इलाके की रहने वाली आशा देवी के मुताबिक, 22 जून को करन उनके बेटे कुनाल को गुजरात जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद कुनाल से परिवार का संपर्क टूट गया। सात जुलाई को करन अपने घर लौट आया, लेकिन कुनाल के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
मां के मुताबिक, उन्हें इतनी जानकारी मिली कि कुनाल ने गुजरात के हिम्मतनगर थाना क्षेत्र में एक दुकान पर काम किया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। बेटे की लगातार तलाश के बावजूद जानकारी नहीं मिलने पर परिवार की चिंता बढ़ती गई।
आशा देवी का आरोप है कि उन्हें डर है कि उनके बेटे को कहीं बेच दिया गया है या उसके साथ कोई गंभीर अनहोनी हुई है। उन्होंने बताया कि बेटे की तलाश के लिए 20 जुलाई को भी अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर बेटे को बरामद कराने की गुहार लगाई।
मां की तहरीर पर एकता थाने में गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लापता युवक की तलाश की जा रही है।
