अपराध

सुपारी देकर भाई पर कराया हमला: 4 गिरफ्तार: संपत्ति विवाद में सगे भाई ने दी थी 2.5 लाख की सुपारी, वारदात के बाद पुलिस का बड़ा खुलासा

0
download (1)

आगरा।आगरा में रिश्तों को तार-तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सगे भाई ने ही अपने भाई की हत्या कराने के लिए 2.5 लाख रुपये की सुपारी दे डाली। 6 महीने पहले हुए संपत्ति के बंटवारे में कम हिस्सा मिलने से नाराज भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को रचा था। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य साजिशकर्ता भाई समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 1 अन्य आरोपी अभी भी फरार है।
यह पूरा मामला पिछले महीने की 19 तारीख का है, जब सुबह के समय शू प्लाजा कोठी मीना बाजार के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 अज्ञात बदमाशों ने पीड़ित की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे। पीड़ित की शिकायत के बाद मामले की छानबीन शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो उसमें एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार 3 संदिग्ध युवक पीड़ित का पीछा करते और उन पर हमला करते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज से साफ हो गया कि यह कोई सामान्य मारपीट नहीं बल्कि जान से मारने की नीयत से सुनियोजित तरीके से किया गया हमला था। इसके बाद पुलिस ने मामले में कड़ी से कड़ी जोड़ना शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को मिली सटीक जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सबसे पहले राजनगर रेलवे लाइन के किनारे से पीड़ित के सगे भाई रिंकू सोनी को हिरासत में लिया गया। जब पुलिस ने रिंकू से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जो खुलासा किया उसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। रिंकू ने कबूल किया कि उसने ही अपने भाई पर हमला करवाया था।
पूछताछ में आरोपी रिंकू ने बताया कि करीब 6 महीने पहले उसका अपने भाई के साथ संपत्ति का बंटवारा हुआ था। इस बंटवारे में ज्यादातर कीमती संपत्ति उसके भाई के हिस्से में चली गई थी। इसी बात से वह अपने भाई से रंजिश रखने लगा था। भाई को रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने दोस्तों लकी, विष्णु, सुनील और संदीप उर्फ भोला के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इस काम के लिए उसने अपने दोस्तों को 2 से 2.5 लाख रुपये देने का सौदा तय किया था।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धुलियागंज चौराहे के पास से लकी और विष्णु को दबोच लिया। इसके बाद पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर फिरोजाबाद के खेड़ा मोहल्ला में छापेमारी कर तीसरे साथी सुनील को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना में शामिल 1 अन्य आरोपी संदीप उर्फ भोला उर्फ मोटीबुद्धि अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इन सभी के खिलाफ पहले भी कोतवाली और अन्य थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed