अपराध

महिला पर्यटक की चेन लूटने वाले स्नैचर्स पुलिस मुठभेड़ में दबोचे,: दोनों के पैरों में लगी गोली

0
IMG-20260603-WA0000

आगरा। ताज नगरी में महिला पर्यटक से सोने की चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। थाना पर्यटन क्षेत्र में हुई  चेन स्नैचिंग की घटना के खुलासे के लिए बनाई गई पुलिस टीमों ने मंगलवार देर रात बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी दोबारा आगरा में सक्रिय हैं और किसी नई घटना की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी के नेतृत्व में थाना ताजगंज, थाना एकता और पर्यटन पुलिस की संयुक्त टीमों ने गढ़ी देवरी पुलिया समेत शहर के कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस टीम ने जब उन्हें घेरकर पूछताछ करनी चाही तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम शाहगंज निवासी करन और अंसार बताए। पूछताछ में दोनों ने चेन स्नैचिंग की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

तलाशी के दौरान एक आरोपी की जेब से चेन का टुकड़ा और दूसरे की जेब से चेन का टुकड़ा व लॉकेट बरामद हुआ। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन के हिस्से, एक बाइक, दो तमंचे और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं।

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि आरोपियों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं घटना में प्रयुक्त अन्य सामान और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की टीमें आगे की जांच में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed