अपराध

ऑस्ट्रेलिया में भारतीय विवाहिता पर दहेज के लिए अत्याचार का आरोप,: पति-सास-ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0
file_00000000fa5c7208be6cadfbb9e740b9

आगरा।शादी के बाद से ही एक विवाहिता को बंधक बनाकर रखने, एक करोड़ रुपये नकद और ऑस्ट्रेलिया में फ्लैट की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी में परिजनों ने भारी-भरकम राशि और कीमती आभूषण खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार अतिरिक्त धन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता को ऑस्ट्रेलिया में भी बुरी तरह पीटा गया, जिसके बाद उसे वहां की सरकार द्वारा संचालित शेल्टर होम में शरण लेनी पड़ी। जानकारी मिलने पर इस गंभीर मामले में अब कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शादी में लाखों रुपये खर्च, फिर भी दहेज की अतिरिक्त मांग

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी जनवरी 2024 में दिल्ली की एक नामी होटल में हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। शादी में वधु पक्ष के माता-पिता और परिजनों ने करीब 45 लाख रुपये नकद खर्च करने के साथ ही सोने, चांदी और हीरे के कीमती आभूषण भी दिए थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 75 लाख रुपये थी। आरोप है कि शादी के बाद जब विवाहिता दिल्ली स्थित अपने ससुराल पहुंची, तो वहां पहुंचते ही पति, सास और ससुर ने उस पर अपने मायके वालों से सारे संबंध खत्म करने का दबाव बनाया और उसे घर में बंधक बना लिया। ससुराल पक्ष ने शादी में मिले सामान को अपनी हैसियत से कम बताते हुए एक करोड़ रुपये नकद की मांग शुरू कर दी।

ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद बढ़ी प्रताड़ना, वीडियो कॉल पर पिटाई का आरोप

पीड़िता के अनुसार, ससुराल वालों ने उसके सारे गहने और कीमती सामान धोखे से अपने कब्जे में ले लिए। मार्च 2024 में पति उसे भारत में ही छोड़कर अकेले ऑस्ट्रेलिया चला गया। इसके बाद नवंबर 2024 में जब पीड़िता टूरिस्ट वीजा पर अपने पति के पास ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर पहुंची, तो वहां प्रताड़ना का दौर और बढ़ गया। आरोप है कि पति ने एडिलेड में रहने के लिए एक फ्लैट और एक करोड़ रुपये की मांग को लेकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हद तो तब हो गई जब सास-ससुर भी ऑस्ट्रेलिया पहुंच गए और उनके उकसाने पर पति ने विवाहिता को वीडियो कॉल के जरिए उसके माता-पिता के सामने पीटा और मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी।

ऑस्ट्रेलिया में शिकायत, शेल्टर होम और भारत में मुकदमा दर्ज

पीड़िता के अनुसार, इस प्रताड़ना से तंग आकर उसने ऑस्ट्रेलिया पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद वहां की सरकार ने आरोपी पति के खिलाफ घरेलू हिंसा के तहत कार्रवाई की और उसे प्रतिबंधित कर दिया। इसके बाद विवाहिता को ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा शेल्टर होम में रखा गया और बाद में उसे स्पाउस वीजा व वहां रहने का अधिकार मिल गया, जिसके बाद उसकी नौकरी डेलॉइट (Deloitte) नामक एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी में लग गई। मार्च 2026 में भारत लौटने पर जब पीड़िता दिल्ली स्थित अपने ससुराल पहुंची तो वहां ताला लटका मिला। फोन पर अपना सामान वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति आशीष, सास उमेश और ससुर जगपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed