राष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती में चमकी आगरा की श्वेता, देश की टॉप-10 पहलवानों में शामिल
आगरा। आगरा की उभरती हुई महिला पहलवान श्वेता पारस ने नंदिनी नगर में आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की टॉप-10 पहलवानों में स्थान बना लिया है। श्वेता ने प्रतियोगिता में आठवां स्थान हासिल कर आगरा का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दौरान श्वेता ने कड़े मुकाबलों में महाराष्ट्र और राजस्थान की पहलवानों को पराजित कर अपनी प्रतिभा और संघर्ष क्षमता का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन ने खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
श्वेता पिछले दो वर्षों से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के रीजनल सेंटर में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। वहां उन्हें तकनीकी दक्षता, फिटनेस और मानसिक मजबूती के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने लगभग तीन वर्ष पूर्व एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा से कुश्ती की शुरुआत की थी। लगातार मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
श्वेता की इस उपलब्धि पर खेल जगत से जुड़े लोगों, प्रशिक्षकों और परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
