आगरा। एक तरफ युवती की सगाई तय हो चुकी थी और वह पुराने रिश्ते से पूरी तरह दूरी बनाना चाहती थी, दूसरी तरफ आरोप है कि युवक निजी तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बना रहा था। युवती का आरोप है कि ब्लैकमेल कर उससे पैसे और जेवर लेने के बाद भी युवक नहीं रुका और आखिरकार उसके घर तक पहुंच गया। युवती ने शोर मचाया तो परिवार के लोग आ गए और आरोपी मौके से भाग निकला। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के शांति विहार, गौतम नगर का है। यहां रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने फराज अहमद के खिलाफ शिकायत की है।
निजी तस्वीरों को बनाया ब्लैकमेलिंग का हथियार
युवती का आरोप है कि आरोपी के पास उसकी कुछ निजी तस्वीरें थीं। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसे ब्लैकमेल करता था और पैसों की मांग करता था। शिकायत के मुताबिक, दबाव में युवती ने कई बार उसे नकद रुपये दिए और अपनी बहन के जेवर तक देने पड़े।
सगाई तय होने के बाद साफ कर दिया था रिश्ता
युवती के मुताबिक, 7 अगस्त को उसकी सगाई तय हो गई थी। इसके बाद उसने आरोपी से साफ कह दिया कि अब वह उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहती।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर फराज उसके घर पहुंच गया। युवती उस समय घर पर अकेली थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा।
शोर मचाया तो पहुंच गए परिजन
युवती ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर उसकी मां और परिवार के दूसरे सदस्य वहां पहुंच गए। परिजनों को आता देखकर आरोपी मौके से भाग गया।
युवती ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने उसके निजी अंगों को छूकर उसके साथ छेड़खानी भी की।
शिकायत पर मुकदमा, जांच शुरू
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ब्लैकमेलिंग, पैसे और जेवर लेने तथा घर में घुसकर जबरदस्ती करने के आरोपों की जांच कर रही है।
