पैसा दोगुना करने का झांसा, परिवार से 20.15 लाख की ठगी
भरोसे का फायदा उठाकर निवेश के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
आगरा, 26 जून। सिकंदरा थाना क्षेत्र में पैसा दोगुना करने का लालच देकर 20.15 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक कथित पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि दोनों ने पहले परिवार से घनिष्ठ संबंध बनाए और बाद में निवेश पर एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों रुपये ले लिए।
पश्चिमपुरी, दहतोरा निवासी जगदीश सिंह सोलंकी की शिकायत के अनुसार, उनके बेटे नरेश सिंह सोलंकी की दुकान के पास दीपक शर्मा किराये पर रहने आया था। उसके साथ रहने वाली हर्षा शर्मा को उसने अपनी पत्नी बताया था। शिकायत में कहा गया है कि हर्षा ने स्वयं को एसबीआई अछनेरा शाखा में कर्मचारी बताया, जिससे परिवार का उन पर भरोसा बढ़ गया।
आरोप है कि दोनों ने निवेश पर एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद नरेश सिंह ने अलग-अलग तिथियों में दीपक शर्मा के बैंक खाते में 17.65 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। वहीं, आरोपियों ने जगदीश सिंह के घर पहुंचकर 2.50 लाख रुपये नकद भी ले लिए। इस तरह परिवार से कुल 20.15 लाख रुपये की कथित ठगी की गई।
पीडित के अनुसार तय समय बीतने के बाद जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी अपने बताए पते पर नहीं मिले। फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पैसे मांगने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित का दावा है कि जानकारी जुटाने पर आरोपियों द्वारा अन्य लोगों से भी निवेश के नाम पर लाखों रुपये लेने की बात सामने आई। शिकायत में कई अन्य पीड़ितों का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बैंक खातों के लेनदेन समेत सभी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
