होटल में बेहोश युवती का वीडियो वायरल,: तीन युवक रडार पर
आगरा। शहर के मंटोला क्षेत्र से जुड़ा एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वीडियो में एक युवती होटल के कमरे में बेसुध अवस्था में दिखाई दे रही है, जबकि उसके साथ तीन युवक मौजूद हैं। हालांकि अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है और न ही इस मामले में किसी ने पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वीडियो दरेसी इलाके के एक होटल के कमरे में बनाया गया था। वीडियो में एक युवक रिकॉर्डिंग करता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा युवक कपड़े उतारता नजर आता है और तीसरा पलंग के पास बैठा है। युवती पूरे समय बेहोशी जैसी हालत में दिखाई दे रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने उसमें दिख रहे तीनों युवकों की पहचान मंटोला क्षेत्र के रहने वालों के रूप में की। इनमें से एक युवक ऑटो चालक बताया जा रहा है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पूछताछ में युवक ने दावा किया है कि युवती उसकी और उसके साथियों के साथ अपनी मर्जी से होटल गई थी।
घटना के बाद होटल की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यदि युवती सामान्य स्थिति में नहीं थी तो होटल प्रबंधन ने कमरा किस आधार पर उपलब्ध कराया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबसे पहले युवती की पहचान करना प्राथमिकता है। यदि युवती या उसके परिजन शिकायत देते हैं तो उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिकायत न मिलने की स्थिति में भी वायरल वीडियो और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि अब तक पीड़िता सामने नहीं आई है। फिलहाल उपलब्ध तथ्यों के आधार पर थाना मंटोला पुलिस आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और निजता के हनन से संबंधित प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर रही है। आगे की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
