आगरा, ।सोमवार रात आगरा आईएसबीटी पर संदिग्ध ‘बम’ की सूचना ने डेढ़ घंटे तक हड़कंप मचा दिया। एक बस में रखे पार्सल से धुआं उठने और अंदर तार दिखाई देने की खबर मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर दौड़ पड़ीं। पूरे बस स्टैंड को एहतियातन खाली कराकर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया।

कैसे फैली सनसनी?

रात करीब 8:45 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि रोडवेज बस (UP 80 AT 2743) में संदिग्ध पार्सल रखा है। बस परिचालक के मुताबिक, यह पार्सल एटा से कासगंज भेजने के लिए था, लेकिन गलती से बार-बार आगरा लौट आता था। खोलने पर धुआं उठने लगा और तार दिखे, जिससे टीमों ने बम होने की आशंका जताई।

करीब डेढ़ घंटे तक चली हाई-अलर्ट जांच में बीडीएस टीम ने पार्सल को सुरक्षित तरीके से खोला। अंदर से शादी-समारोहों में इस्तेमाल होने वाली ‘आइस’ (स्मोक कॉस्ट्यूम पाउडर) और स्पार्कल पटाखे मिले। पुष्टि होते ही पुलिस और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

बस स्टैंड खाली, संचालन एनएच पर शिफ्ट

संदिग्ध पार्सल मिलने के बाद पूरा परिसर खाली कराया गया। आने-जाने वाली बसों का संचालन एनएच पर किया गया, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हुई। कई यात्राएं देर से शुरू हो सकीं और आईएसबीटी के बाहर अफरातफरी का माहौल बना रहा।

रोडवेज पार्सल सिस्टम की पोल खुली

यह घटना रोडवेज में अवैध और बगैर जांच के पार्सल लोडिंग की लापरवाही को उजागर करती है। चालक-परिचालक बिना किसी स्कैनिंग के पार्सल बसों में चढ़ा लेते हैं, जिससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ती है। इस घटना के बाद रोडवेज प्रशासन पर सख्त कार्रवाई और पार्सल सिस्टम में सुधार की मांग तेज हो गई है।

पुलिस का बयान

“सूचना मिलते ही पुलिस बल, बीडीएस और डॉग स्क्वॉड मौके पर था। एहतियातन क्षेत्र को खाली कराया गया। जांच में पार्सल से स्पार्कल पटाखे और शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाली आइस बरामद हुई है।”
अली अब्बास, डीसीपी सिटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *