2022 में घर से चोरी हुई थी लाइसेंसी राइफल, अब 25 हजार के इनामी बदमाश से हुई बरामद

आगरा। चार साल तक एक शख्स ने न बाल कटवाए और न दाढ़ी बनवाई। वजह कोई फैशन या मन्नत नहीं, बल्कि चोरी हुई अपनी राइफल को वापस पाने का संकल्प था। 2022 में घर से चोरी हुई राइफल जब आगरा पुलिस ने बरामद की तो चार साल से चला आ रहा यह संकल्प भी पूरा हो गया। राइफल मिलने की खबर के साथ ही उदय सिंह पिप्पल ने अब फिर से अपना पुराना लुक अपनाने का फैसला किया है।

6 जून 2022 की रात उदय सिंह के घर में बदमाश घुसे थे। चोर उनकी लाइसेंसी राइफल और 20 कारतूस के साथ करीब ढाई किलो चांदी, 22 तोला सोना और चार लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को पकड़ा और चोरी का कुछ माल भी बरामद किया, लेकिन राइफल का कोई सुराग नहीं मिला।

राइफल न मिलने से उदय सिंह लगातार परेशान रहे। इसी बीच उन्होंने खुद से एक ऐसा संकल्प लिया, जिसे निभाते-निभाते चार साल गुजर गए। उन्होंने तय किया कि जब तक उनकी राइफल वापस नहीं मिलेगी, वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे।

चार साल बाद पुलिस ने बदल दी कहानी

अब थाना खैरागढ़ पुलिस, वेस्ट जोन एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई में धौलपुर निवासी 25 हजार रुपये के इनामी ध्रुव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार ध्रुव के खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नौ मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी राइफल, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, चोरी के 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल बरामद की।

जांच में सामने आया कि बरामद राइफल वही है, जो 2022 में सैंया थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान के घर से चोरी हुई थी। चार साल से जिस राइफल का इंतजार उदय सिंह कर रहे थे, वह आखिरकार पुलिस के हाथ लग गई।

राइफल मिली तो बोला- अब कटवाऊंगा बाल

राइफल बरामद होने की खबर ने उदय सिंह की चार साल पुरानी खुशी लौटा दी। उन्होंने आगरा पुलिस, एसओजी और खैरागढ़ पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस ने उनका संकल्प पूरा कर दिया।

अब वह बाल और दाढ़ी कटवाकर चार साल पुराने अपने लुक में वापस लौटेंगे।

उधर पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार ध्रुव अपने साथियों के साथ मिलकर सीमा क्षेत्र के गांवों और अलग-अलग जिलों व राज्यों में चोरी की वारदातें करता था। गैंग के दो अन्य साथी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

एक चोरी ने चार साल पहले उदय सिंह से उनकी राइफल छीनी थी, लेकिन उसी राइफल को वापस पाने की जिद ने उन्हें चार साल तक एक संकल्प से बांधे रखा। अब राइफल वापस आई है तो उनके बाल-दाढ़ी भी पुराने रूप में लौटने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *