आगरा, कमला नगर मे रहने वाली एक युवती को बदनाम करने के लिए उसकी ही सहेली ने चौंकाने वाली साजिश रच दी। युवती से विवाद होने के बाद सहेली ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके दोस्त को उकसाया और युवती की एआई से तैयार अश्लील फोटो बनवाकर उन्हें पड़ोसियों के घरों में फेंकवा दिया। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सहेली की भूमिका की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात कमला नगर की मंडी समिति के पास रहने वाले सुमित माहौर और उसके साथी प्रशांत मिश्रा को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने एक ऐप डाउनलोड कर युवती की फर्जी फोटो तैयार की थीं। यह भी सामने आया कि दोनों को यह काम करने के लिए युवती की सहेली ने उकसाया था।

जांच में पता चला कि युवती का हाल ही में अपनी सहेली से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में सहेली ने अपने बॉयफ्रेंड सुमित की मदद से पूरा षड्यंत्र रचा। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि दो युवक स्कूटर से आए और लिफाफे पड़ोसियों के घरों में डालकर चले गए।

फोटो फैलाने से पहले युवती को इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर धमकाया भी गया था। इसके लिए एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई थी। पुलिस को शक है कि यह आईडी भी सहेली ने ही बनाई थी।

एसओ कमला नगर के मुताबिक, सहेली की संलिप्तता के पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं। उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *