आगरा

पर्यटकों से बदसलूकी:: आगरा ट्रैफिक पुलिस के SI का वीडियो वायरल, कहा- “रोड तुम्हारे बाप का नहीं है”

0
file_00000000ffe8720987e5814265e0dd9f
  • दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने पर हुआ विवाद,
  • युवती हाथ जोड़कर मांगती रही माफी;
  • ACP ट्रैफिक को सौंपी गई जांच

आगरा, ।ताजनगरी की फतेहाबाद वीवीआईपी रोड पर दिल्ली से आए पर्यटकों के साथ ट्रैफिक पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर (SI) द्वारा अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आगरा ट्रैफिक पुलिस की जमकर किरकिरी हो रही है। सोशल मीडिया यूजर्स आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) को जांच के निर्देश दिए हैं।
बाइक के कैमरे में कैद हुई बदसलूकी
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से एक युवक और युवती बाइक से आगरा घूमने आए थे। फतेहाबाद रोड पर एक दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर उनका ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर से विवाद हो गया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी बेहद आक्रामक रवैये में बाइकर्स को धमकाता हुआ दिख रहा है। वह कैमरे के सामने कहता नजर आया, “रोड तुम्हारे बाप का नहीं है।” पूरी घटना पर्यटक की बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
गिड़गिड़ाती रही युवती, बीच-बचाव करने वाले को भी हड़काया
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गलती का अहसास होने पर युवती बार-बार हाथ जोड़कर पुलिसकर्मी से माफी मांग रही है। बाइक सवार युवक भी लगातार कहता रहा, “सर, गलती हो गई, हम अभी बाइक हटा रहे हैं।” लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार उन्हें धमकाता रहा। जब एक स्थानीय दुकानदार ने पर्यटकों का पक्ष लेते हुए पुलिसकर्मी से उन्हें छोड़ने की गुहार लगाई, तो ट्रैफिक कर्मी ने उसे भी जमकर हड़का दिया।
ACP ट्रैफिक करेंगे मामले की जांच
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और चौतरफा फजीहत के बाद आगरा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। आगरा पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, “उक्त प्रकरण के संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात को जांच हेतु निर्देशित किया गया है। जांचोपरांत तथ्य सामने आने पर आवश्यक वैधानिक व विभागीय कार्यवाही की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed