अपराध

44.51 लाख लेकर दूसरी पार्टी को बेच दी जमीन,: विरोध पर धमकी का आरोप

0
j99udf

आगरा। करोड़ों रुपये के जमीन सौदे में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फतेहाबाद रोड निवासी एक परिवार ने कुछ लोगों पर 44.51 लाख रुपये लेने के बाद भी तयशुदा कृषि भूमि का बैनामा न करने और बाद में वही जमीन दूसरी पार्टी के नाम बेच देने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पीड़ित परिवार को कथित तौर पर धमकियां देने और दबाव बनाकर जबरन कागजों पर हस्ताक्षर कराने की कोशिश करने का भी आरोप है। मामले की शिकायत पर पुलिस थाना एकता में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पार्श्वनाथ प्रेरणा फतेहाबाद रोड निवासी श्रीमती मनोरमा गुप्ता के पुत्र अर्पित गुप्ता एवं पुत्री अंशी गुप्ता ने वर्ष 2025 में ग्राम बुधेरा निवासी नत्थाराम पुत्र रतन सिंह से मौजा ब्रह्मनगर स्थित कृषि भूमि खरीदने का सौदा किया था। करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये में तय हुए इस सौदे के संबंध में 6 जून 2025 को नोटराइज्ड विक्रय अनुबंध भी निष्पादित हुआ था।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि नत्थाराम ने अपने पुत्र लक्ष्मण और महेश के साथ मिलकर विभिन्न माध्यमों से कुल 44.51 लाख रुपये प्राप्त कर लिये। इसमें लाखों रुपये के चेक और नगद रकम भी शामिल है। इसके बावजूद आरोपियों ने लगातार बैनामा टालते हुए बाद में जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी।

मुकदमे में अजगर सिंह पुत्र चरण सिंह निवासी ग्राम लखावली, परवेन्द्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह निवासी ग्राम कुण्डौल तथा मुकेश कुमार पुत्र मुरारीलाल निवासी ग्राम बुधेरा को भी नामजद किया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इन लोगों ने भी साजिश में शामिल होकर रकम हड़पने में भूमिका निभाई।

पीड़िता के अनुसार, 27 मार्च 2026 को आरोपियों ने उन्हें आगरा स्थित डीआरटी अस्पताल बुलाया, जहां कथित रूप से दबाव बनाकर कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है तथा अनुबंध पत्र, बैंक लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed