आगरा। उम्र के इस पड़ाव पर जब पेंशन ही सहारा होती है, तब एक फोन कॉल ने सुरेंद्र सिंह चौहान को ऐसा झटका दिया कि तीन दिन में उनके खातों से 8.60 लाख रुपये निकल गए। अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर शुरू हुई बातचीत पहले व्हाट्सऐप लिंक और फिर वीडियो कॉल तक पहुंची। भरोसा बनते-बनते साइबर ठग उनकी जमा पूंजी पर हाथ साफ कर गए।

शास्त्री नगर खंदारी निवासी सुरेंद्र सिंह चौहान के अनुसार 14 अगस्त की शाम करीब साढ़े छह बजे उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने अकाउंट वेरिफिकेशन की बात कहते हुए व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा। इसके बाद उनके पेंशन खाते से 2.50 लाख रुपये निकाल लिए गए।

अगले दिन 15 अगस्त को फिर कॉल आया। इस बार वीडियो कॉल के जरिए बातचीत हुई और खाते से 2.70 लाख रुपये और निकल गए। 16 अगस्त को भी वीडियो कॉल आई और पेंशन खाते से रकम निकाली गई। इसी दौरान उनकी पत्नी प्रतिभा चौहान के साथ संयुक्त खाते से भी 60 हजार रुपये निकाल लिए गए।

तीन दिनों में बार-बार खाते से रकम निकलने के बाद जब पूरा मामला सामने आया तो सुरेंद्र सिंह चौहान के होश उड़ गए। पेंशन खाते के साथ पत्नी के संयुक्त खाते से भी रकम जाने से परिवार के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया। पीड़ित का आरोप है कि साइबर ठगों ने कुल 8.60 लाख रुपये की रकम निकाल ली।

पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना आगरा पहुंचकर मामले की शिकायत की और रकम वापस कराने के साथ आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *