आगरा। WhatsApp पर शेयर बाजार में कमाई का भरोसा दिलाया गया। ग्रुप में जोड़ा गया, लिंक भेजा गया और देखते ही देखते निवेश के नाम पर लाखों रुपये अलग-अलग खातों में पहुंचते गए। लेकिन जब आगरा के नितिन जिंदल ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही तो कहानी अचानक बदल गई। Withdrawal रोक दिया गया और उन्हें अपनी रकम वापस नहीं मिल सकी।
शिकायत के मुताबिक नितिन को 14 अप्रैल 2025 को ‘Bangalore Happy Hour (Fyers)’ नाम के WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में करीब 73 सदस्य थे। इसके बाद एक लिंक के जरिए अकाउंट संबंधी जानकारी दी गई और रकम ट्रांसफर कराने का सिलसिला शुरू हुआ।
21 अप्रैल से 20 मई के बीच 12 बार में कुल 14 लाख 61 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कराए गए। रकम 11 अलग-अलग खातों में पहुंची। शुरुआत में सब कुछ निवेश की प्रक्रिया जैसा लगा, लेकिन पैसा निकालने की कोशिश होते ही कथित तौर पर Withdrawal रोक दिया गया।
अब मामले ने पुलिस का रुख कर लिया है। साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में संबंधित WhatsApp ग्रुप के अब भी सक्रिय होने की बात भी कही गई है।
पुलिस अब उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर संपर्क किया और रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराई। शिकायत में ग्रुप के एडमिन और कुछ अन्य लोगों से जुड़े मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया गया है।
