आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में महिला की निजी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान श्रवण कुमार राठौर निवासी एमपी पुरा, ताजगंज के रूप में हुई है, जो रेलवे विभाग में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर तैनात बताया गया है।

पीड़िता पक्ष के अनुसार महिला का अपने पति और ससुराल पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसके चलते वह मायके में रह रही है। आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद पति ने महिला की निजी फोटो और वीडियो उसकी बिना सहमति सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इतना ही नहीं, आरोपी पर महिला के चरित्र पर गलत आरोप लगाकर उसे समाज और विभागीय कर्मचारियों के बीच बदनाम करने का भी आरोप है।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी महिला के मोबाइल फोन का गलत तरीके से इस्तेमाल कर व्हाट्सएप, कॉल और मैसेज के जरिए विभाग के कर्मचारियों को निजी वीडियो और भ्रामक संदेश भेज रहा था। इससे महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उसे मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की हरकतों से उसकी नौकरी और सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

पीड़िता पक्ष ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में इसे गोपनीयता का उल्लंघन, अस्मिता भंग करने और साइबर अपराध का गंभीर मामला बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ताजगंज थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया और मोबाइल डेटा की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *