यूपी में 10 लाख शस्त्र लाइसेंसधारी: हजारों बाहुबलियों पर हाईकोर्ट की कड़ी नजर
प्रयागराज,संवाददाता :प्रदेश में शस्त्र लाइसेंस का खेल अब अदालत के सामने उजागर हो गया है। यूपी सरकार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट को बताया कि राज्य में कुल 10,08,953 शस्त्र लाइसेंसधारी हैं, जिनमें 6,062 ऐसे हैं जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है। इसके अलावा 20,960 परिवारों के पास एक से अधिक हथियार लाइसेंस हैं। कोर्ट ने 26 मई तक बाहुबलियों, रसूखदारों और प्रभावशाली नेताओं की आपराधिक कुंडली व उन्हें मिली सरकारी सुरक्षा का ब्योरा तलब किया है।
अपर मुख्य सचिव (गृह) और संयुक्त सचिव की ओर से पेश हलफनामे में कई नाम चौंकाने वाले पाए गए। इनमें अब्बास अंसारी, भाजपा नेता बृजभूषण सिंह, रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया समेत दर्जनों प्रभावशाली नेताओं और बाहुबलियों के नाम शामिल हैं।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी भी तथ्य को छिपाने पर संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। अदालत ने कहा कि खुलेआम हथियार लेकर चलना आत्मरक्षा नहीं, बल्कि आम जनता में डर और असुरक्षा फैलाता है। इसके चलते सभी जिलों के कप्तान और पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए गए हैं कि जोनवार जांच रिपोर्ट में पूरी पारदर्शिता हो।
विशेषकर नोएडा, मेरठ, आगरा, बरेली, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और कानपुर जोन के बाहुबलियों की शस्त्र लाइसेंस और सुरक्षा की पूरी जानकारी अदालत को सौंपनी होगी। कोर्ट ने यह भी पूछा कि कितने पुलिसकर्मी तैनात हैं और इनके पास कुल कितने असलहे हैं।
