आगरा। दीवानी परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब तारीख पर आए एक युवक ने कोर्ट के बाहर महिला अधिवक्ता और विपक्षी के भाई के चेहरे पर पेपर स्प्रे छिड़क दिया। आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी के बीच मौके पर मौजूद वकील आक्रोशित हो गए। सूचना पर एसएसएफ और थाना न्यू आगरा पुलिस पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को दीवानी परिसर से बाहर ले जा सकी।

मामला सीनियर डिवीजन-6 की अदालत से जुड़ा है। थाना रकाबगंज क्षेत्र के बालूगंज निवासी अमित दीक्षित के अनुसार, उनके भाई अवधेश दीक्षित का थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के बालाजी नगर निवासी ऊषा देवी से सिविल मुकदमा चल रहा है। मंगलवार को अमित अपने भाई के साथ तारीख पर दीवानी पहुंचे थे।

दोपहर करीब 12 बजे अमित महिला अधिवक्ता के साथ कोर्ट की ओर जा रहे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद ऊषा देवी के बेटे अजय कुमार ने अचानक अमित और महिला अधिवक्ता के चेहरे पर पेपर स्प्रे छिड़क दिया। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता अदालत के बाहर जुट गए। माहौल बिगड़ता देख एसएसएफ के जवानों के साथ थाना न्यू आगरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वकीलों ने आरोपी को पुलिस के साथ ले जाने का विरोध किया। पुलिस ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहा।

आखिरकार पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को दीवानी परिसर से बाहर निकाला और थाने ले गई। थानाध्यक्ष न्यू आगरा निशामक त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *