अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर डेढ़ लाख की रंगदारी मांगने का आरोप,: तीन नामजद पर मुकदमा
आगरा। थाना एत्माददौला क्षेत्र में एक महिला को अश्लील वीडियो और तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, क्षेत्र निवासी राजा, धीरज और नीतू उसके पास मौजूद कुछ तस्वीरों का हवाला देकर लगातार दबाव बना रहे थे। आरोप है कि आरोपी फोन कॉल और संदेशों के माध्यम से उसे धमका रहे थे कि यदि उसने डेढ़ लाख रुपये नहीं दिए तो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी।
महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजे। इतना ही नहीं, उसके पति के मोबाइल फोन पर भी अश्लील सामग्री भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को कुछ मोबाइल नंबरों की जानकारी भी दी गई है, जिनसे कथित रूप से धमकी भरे कॉल और संदेश भेजे जा रहे थे। पुलिस इन नंबरों की जांच कर रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना एत्माददौला पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
