आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र में रिश्ते के मामा पर महिला के घर से सोने के जेवरात चोरी करने का आरोप लगा है। महिला ने घर में स्पाई कैमरा लगाकर आरोपी की करतूत कैद कर ली।

कृष्णाकुंज कालोनी निवासी ममता गौतम ने थाना ट्रांस यमुना में तहरीर देकर बताया कि उनका रिश्ते का मामा मोनू गौतम घर की देखरेख करता था। परिवार जब भी बाहर जाता था, घर की चाबी उसे सौंप दी जाती थी। आरोप है कि मोनू ने डुप्लीकेट चाबी बनवाकर सेफ अलमारी से धीरे-धीरे सोने के जेवरात और नकदी चोरी करनी शुरू कर दी।

महिला को शक होने पर घर में स्पाई कैमरे लगवाए गए। 26 अप्रैल की रात आरोपी घर पहुंचा और डुप्लीकेट चाबी से अलमारी खोलकर जेवर व रुपये तलाशता कैमरे में कैद हो गया। परिवार ने रिकॉर्डिंग दिखाकर पूछताछ की तो आरोपी ने कई महीनों से चोरी करना कबूल कर लिया।

आरोप है कि आरोपी ने कुछ जेवर गिरवी रख दिए और गोल्ड लोन भी लिया। पूछताछ के दौरान वह धक्का देकर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *